पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की फ्लाइट बुधवार को खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली की चपेट मे आ गई। घटना उस समय हुई, जब विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा। हालात बिगड़ने से पहले पायलट ने नियंत्रण बनाए रखा और विमान को सुरक्षित लखनऊ एयरपोर्ट पर उतार दिया।

लखनऊ के पास हुआ हादसा

इंडिगो की फ्लाइट 6E 925 ने पटना एयरपोर्ट से दोपहर करीब 3:10 बजे उड़ान भरी थी। विमान को शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था। इसी दौरान लखनऊ के नजदीक खराब मौसम के बीच विमान आकाशीय बिजली की चपेट मे आ गया।

बिजली गिरने के बाद विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा। कुछ समय के लिए यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बनी, लेकिन पायलट ने स्थिति को संभाल लिया।

104 यात्री सुरक्षित बाहर निकाले गए

विमान को तय समय से पहले शाम करीब 4:05 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। लैंडिंग के बाद सभी 104 यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया। घटना मे किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं है।

अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट भी हुई प्रभावित

यही विमान शाम 5:05 बजे लखनऊ से अहमदाबाद के लिए रवाना होने वाला था। बिजली गिरने के बाद विमान मे तकनीकी जांच और मरम्मत की जरूरत पड़ी। इसके चलते यात्रियों को दूसरे विमान से भेजने की व्यवस्था की गई।

दूसरे विमान से यात्रियों ने करीब डेढ़ घंटे की देरी के बाद शाम 6:22 बजे अहमदाबाद के लिए उड़ान भरी।

जून मे भी विमान पर गिरी थी बिजली

आकाशीय बिजली से विमान प्रभावित होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 19 जून 2026 को कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़े इंडिगो के एक विमान पर भी बिजली गिरने की घटना सामने आई थी। उस विमान मे 141 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। बाद मे यात्रियों को दूसरे विमान से अगरतला भेजा गया।

पटना-लखनऊ फ्लाइट की घटना मे भी पायलट की सतर्कता और समय पर विमान को उतारे जाने से बड़ा हादसा टल गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!