
मध्य प्रदेश : मंडला जिले में रक्षाबंधन के दिन दो भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बिछिया थाना क्षेत्र में छोटे भाई पर अपने बड़े भाई की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद घर में मौजूद 8 साल की बच्ची करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। बच्ची की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
खाना बनाने की बात से शुरू हुआ विवाद
घटना बिछिया थाना क्षेत्र के नेवसा गांव के कोटवार टोला की है। यहां 45 वर्षीय बाजारी मरकाम और उसके छोटे भाई 40 वर्षीय अनिल मरकाम के बीच रक्षाबंधन के दिन घर में खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ।जानकारी के मुताबिक दोनों भाइयों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद खाना बनाने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई।
आंखों के सामने हुई घटना, फिर अकेले थाने पहुंची बच्ची
घटना के समय अनिल मरकाम की 8 वर्षीय बेटी भी घर में मौजूद थी। उसने कथित तौर पर अपने पिता और बड़े पापा के बीच हुए विवाद को अपनी आंखों से देखा।घटना के बाद बच्ची डरकर घर में नहीं बैठी, बल्कि करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर बिछिया थाने पहुंच गई। वहां उसने पुलिसकर्मियों को बताया कि उसके बड़े पापा उठ नहीं रहे हैं और उसके पिता ने उन्हें मारा है। इसके बाद बच्ची ने पुलिस से उसके घर चलने की गुहार लगाई।बच्ची की सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल गांव पहुंची।
घर पहुंची पुलिस तो मृत मिला बाजारी मरकाम
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। बाजारी मरकाम का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ घटना की परिस्थितियों की पड़ताल शुरू कर दी है।
हत्या के बाद आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
वारदात के बाद अनिल मरकाम मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीम काम कर रही है।रक्षाबंधन जैसे पर्व के दिन सामने आई इस घटना ने पूरे गांव और परिवार को झकझोर दिया है। त्योहार की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।




















