खंडवा : मंगला एक्सप्रेस में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन में सवार 30 स्कूली बच्चों की तबीयत अचानक खराब हो गई। बच्चों को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत होने लगी। इनमें से 5 बच्चों की हालत ज्यादा गंभीर बताई गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ और ट्रेन के खंडवा पहुंचते ही सभी बच्चों की जांच कराई गई।

दिल्ली से लौट रहे थे छात्र-छात्राएं

ट्रेन नंबर 12618 मंगला एक्सप्रेस हजरत निजामुद्दीन से एर्नाकुलम की ओर जा रही थी। इसमें केरल के त्रिचूर स्थित हैप्पी कान्वेंट स्कूल के करीब 30 छात्र-छात्राएं सफर कर रहे थे। सभी बच्चे दिल्ली में शैक्षणिक भ्रमण के बाद अपने घर लौट रहे थे।यात्रा के दौरान अचानक कई बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। कुछ बच्चों को बुखार भी आया। थोड़ी ही देर में 5 बच्चों की स्थिति अधिक खराब हो गई, जिसके बाद रेलवे प्रशासन को इसकी सूचना दी गई।

खंडवा स्टेशन पर तुरंत शुरू हुआ इलाज

बच्चों की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलते ही रेलवे और जिला प्रशासन ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया। ट्रेन के खंडवा स्टेशन पहुंचने पर डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग की टीम पहले से मौजूद थी।मंगला एक्सप्रेस को करीब 50 मिनट तक स्टेशन पर रोका गया। इस दौरान चिकित्सकों ने सभी बच्चों की जांच की और आवश्यक उपचार दिया। बच्चों को उल्टी-दस्त की दवाएं देने के साथ ओआरएस के पैकेट भी उपलब्ध कराए गए।

पैंट्री के भोजन पर फूड पॉइजनिंग की आशंका

खंडवा के सीएमएचओ डॉ. ओपी जुगतावत के मुताबिक बच्चों ने दोपहर के समय ट्रेन की पैंट्री कार से खाना खाया था। भोजन करने के करीब चार घंटे बाद बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्या शुरू हुई।समय के अंतर को देखते हुए चिकित्सकों ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। हालांकि बीमारी की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। बच्चों की दो बार चिकित्सकीय जांच की गई, जिसके बाद उन्हें आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया।

भुसावल तक बच्चों के साथ गई डॉक्टरों की टीम

बच्चों की स्थिति पर नजर रखने के लिए रेलवे की मेडिकल टीम को भी उनके साथ भेजा गया। डॉक्टरों की टीम बच्चों के साथ ट्रेन में सवार होकर भुसावल स्टेशन तक गई, ताकि यात्रा के दौरान किसी बच्चे की तबीयत दोबारा बिगड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्टेशन पर संभाली व्यवस्था

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम ऋषि सिंघाई, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह, सीएसपी अभिनव बारंगे और सिविल सर्जन अनिरुद्ध कौशल सहित प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी स्टेशन पहुंचे।अधिकारियों की मौजूदगी में सभी बच्चों की जांच और उपचार की प्रक्रिया पूरी कराई गई। स्वास्थ्य स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना किया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!