झारखंड : रांची जिले में एक 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उसका शव घर से करीब 2.5 किलोमीटर दूर एक सुनसान स्थान पर झाड़ियों में मिला। पुलिस को आशंका है कि छात्रा के साथ यौन हिंसा के बाद उसकी हत्या की गई हो सकती है। हालांकि, दुष्कर्म की पुष्टि अभी नहीं हुई है और मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

छोटे चचेरे भाई के साथ घर से निकली थी छात्रा

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा रविवार को अपने सात वर्षीय चचेरे भाई के साथ घर से निकली थी। उसने परिजनों को बताया था कि वह अपने भाई और भाभी के घर जा रही है।कुछ समय बाद उसका चचेरा भाई अकेला घर लौट आया। छात्रा के वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान घर से लगभग 2.5 किलोमीटर दूर एक सुनसान जगह पर झाड़ियों के बीच उसका शव बरामद हुआ।

गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका

मुरी चौकी के प्रभारी विकास पासवान के अनुसार, शुरुआती जांच में छात्रा की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि, उसके साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगापुलिस ने बताया कि छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके अलावा फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि मामले की जांच में मदद मिल सके।

FIR दर्ज करने की तैयारी, अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं

पुलिस के मुताबिक, छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जाएगी। मामले में फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!