
जशपुर: जशपुर के हरि कीर्तन भवन में आयोजित अक्स (AKS) गरबा महोत्सव में धर्म, संस्कृति और सड़क सुरक्षा का अनूठा संगम देखने को मिला। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में करीब 1500 बच्चों और युवाओं ने पारंपरिक परिधानों में गरबा और डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, जशपुर पुलिस के सहयोग से चलाए गए हेलमेट जागरूकता अभियान ने आयोजन को सामाजिक सरोकार से जोड़ दिया।
महोत्सव का खास आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब मंच पर मौजूद कलाकारों ने हेलमेट पहनकर गरबा किया। इसके माध्यम से लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने का संदेश दिया गया। गायिका तत्सा गुप्ता ने हेलमेट और यातायात सुरक्षा पर आधारित जागरूकता गीत प्रस्तुत कर लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।
40 हेलमेट वितरित, प्रमिला यादव को मिली स्कूटी
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत कार्यक्रम में कुल 40 हेलमेट वितरित किए गए। इनमें संस्कृति सिल्क के अंशुल साय की ओर से 30 और जशपुर पुलिस की ओर से 10 हेलमेट प्रदान किए गए। इसके अलावा महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रमिला यादव को उपहार स्वरूप स्कूटी प्रदान की गई।
हेलमेट जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी : डॉ. लाल उमेद सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि त्योहारों का आनंद तभी सार्थक है, जब हम स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना महज औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने अक्स टीम की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इतने बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश देना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महोत्सव में शामिल 1500 बच्चे और युवा इस संदेश को अपने घरों और समाज तक पहुंचाएंगे, जिससे लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
इस कार्यक्रम में प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सत्येंद्र सिंह, कृष्ण कुमार राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, यातायात डीएसपी के.आर. चौहान, कोतवाली थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख, यातायात प्रभारी खेमराज ठाकुर, चिंटू गुप्ता, सुनील सोनी, संजय सोनी, संजय सिंह और सातु सोनी सहित अक्स टीम के सदस्य, पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




















