अंबिकापुर:  सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सरगुजा पुलिस ने जिलेभर के थाना, चौकी और पुलिस लाइन परिसरों में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों और जवानों ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पुलिस प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी है। इस पहल के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण कम करने और जलवायु परिवर्तन व ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है। उन्होंने बताया कि "एकता वृक्ष अभियान" समाज के सभी वर्गों को पर्यावरण संरक्षण के लिए एक मंच पर लाने का प्रयास है।

इस अवसर पर जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। सभी ने पौधों की सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लेते हुए अभियान को सफल बनाने में सहभागिता निभाई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!