अंबिकापुर: सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम भालूकछार इमलीपारा में जमीन बिक्री के पैसों को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में बेटे ने अपने पिता की टांगी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से खून लगी लोहे की टांगी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, भालूकछार इमलीपारा निवासी मधुवन शंकर सिंह ने 3 अक्टूबर को थाना दरिमा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि उसे सूचना मिली थी कि उसके बड़े भाई रामाशंकर सिंह की उनके ही बेटे मुकेश कुमार सिंह ने टांगी से हमला कर हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा, जहां रामाशंकर का शव घर के कमरे में पड़ा था। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और काफी खून निकला हुआ था।रिपोर्ट के आधार पर दरिमा पुलिस ने अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर दरिमा पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक के बेटे मुकेश कुमार सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जमीन बिक्री से मिले पैसों को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। इसी दौरान नाराज होकर उसने टांगी से अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से खून लगी लोहे की टांगी बरामद की।पुलिस के मुताबिक आरोपी मुकेश कुमार सिंह पिता रामाशंकर सिंह, उम्र 38 वर्ष, ग्राम भालूकछार, थाना दरिमा, जिला सरगुजा का निवासी है। आरोपी के खिलाफ अपराध सिद्ध पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक निशांत गौरव कुर्रे, उप निरीक्षक राजेश तिवारी, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!