


रायपुर : पास कोटमी सोनार क्षेत्र में छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी के एक ही ट्रैक पर दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद संभावित रेल हादसे की आशंका जताई जाने लगी। हालांकि रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए इसे सामान्य परिचालन प्रक्रिया का हिस्सा बताया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर बना तनाव का माहौल
स्थानीय लोगों के अनुसार, यात्रियों से भरी छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और मालगाड़ी एक ही ट्रैक पर नजर आने के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। हालांकि रेलवे अधिकारियों की निगरानी में ट्रेनों का संचालन सुरक्षित तरीके से जारी रहा और किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हुई।
रेलवे ने बताया, यह ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिस्टम का हिस्सा
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आधुनिक ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली के तहत एक ही ट्रैक पर निर्धारित सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए एक साथ कई ट्रेनों का संचालन किया जाता है। अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था में एक ट्रैक पर तीन से चार ट्रेनों का परिचालन लगभग 60 से 70 मीटर के सुरक्षित ब्लॉक अंतराल के अनुसार संभव है और इससे किसी तरह का खतरा या दुर्घटना की आशंका नहीं रहती।
अफवाहों से बचने की अपील
रेलवे का कहना है कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग इस तरह के वीडियो साझा कर यात्रियों के बीच भ्रम और डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन ने कहा कि वायरल वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इसलिए केवल वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
यात्रियों से संयम बरतने की अपील
रेल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रेलवे संचालन से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। अफवाहों और अपुष्ट वीडियो के आधार पर भ्रमित होने से बचें, क्योंकि ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली पूरी तरह सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित की जाती है।





















