जशपुर: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में टाटा आईसर ट्रक से 632 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा के निर्देश और डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिले में ओडिशा सीमा से आने वाले संदिग्ध वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान 4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर ओडिशा की ओर से आ रहे टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोका गया।

खाली बोतलों की आड़ में छिपाया था गांजा

पुलिस ने बताया कि तस्करों ने जांच से बचने के लिए ट्रक के ऊपरी हिस्से में खाली बोतलों की शीशियों से भरी बोरियां रखी थीं। पुलिस टीम ने जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की तो उनमें टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर गांजा बरामद हुआ।मौके पर गवाहों की मौजूदगी में की गई जांच में 20 बोरियों से 597 पैकेट गांजा बरामद हुआ। इसका कुल वजन 632.380 किलोग्राम बताया गया है।

ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था गांजा

पुलिस ने ट्रक में मौजूद व्यक्ति को हिरासत में लेकर गांजे से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी की पहचान विनोद कुमार गुप्ता (42) निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक इसकी डिलीवरी होनी थी।

गांजा, ट्रक, मोबाइल और नकदी समेत 3.41 करोड़ की जप्ती

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 632.380 किलो गांजा, तस्करी में प्रयुक्त टाटा आईसर ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये  ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत करीब 25 हजार रुपये है। नगदी समेत कुल जप्त संपत्ति की कीमत 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026 दर्ज कर धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस के तहत विवेचना शुरू की गई है। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

लावाकेरा में जशपुर पुलिस की यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 2 अक्टूबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस ने एक टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.630 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों से ओडिशा सीमा से होने वाली गांजा तस्करी पर पुलिस की सख्त निगरानी सामने आई है।

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को नगद पारितोषिक से पुरस्कृत किया जाएगा। पुलिस अब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!