
नई दिल्ली: देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। सोमवार से बुधवार तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। भारतीय बैंक संघ (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक के बाद बैंक यूनियनों ने प्रस्तावित हड़ताल और विरोध प्रदर्शन वापस लेने का फैसला किया है।रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU के बीच हुई बैठक में विभिन्न लंबित मांगों पर चर्चा हुई। बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच कई मुद्दों पर आगे चर्चा जारी रखने पर सहमति बनी।
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह पर बनेगी संयुक्त समिति
बैठक में सभी शनिवार को बैंक अवकाश किए जाने के मुद्दे पर विचार के लिए IBA और UFBU की संयुक्त समिति गठित करने पर सहमति बनी है। समिति इस मामले से जुड़े विभिन्न विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद समाधान तलाशने का प्रयास करेगी।इसके अलावा स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना में बदलाव को लेकर भी IBA के साथ बातचीत शुरू करने पर सहमति बनी है। बैंक यूनियनों की चिंताओं को सरकार के समक्ष रखने की बात भी कही गई है।
लंबित मुद्दों पर भी होगी बातचीत
बैठक में 8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा करने का निर्णय लिया गया है। इन मुद्दों के समाधान की दिशा में आगे बातचीत की जाएगी। इन सहमतियों के बाद UFBU ने फिलहाल प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल और विरोध प्रदर्शन वापस लेने की घोषणा की।
ग्राहकों को बड़ी राहत
हड़ताल होने की स्थिति में लगातार तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी। सरकारी बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों समेत कई बैंकिंग सेवाओं पर इसका असर पड़ सकता था। चेक क्लीयरेंस, नकद जमा और निकासी जैसी सेवाओं में भी देरी की संभावना थी।अब हड़ताल टलने के बाद सोमवार से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहेगा। इससे बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि वर्तमान व्यवस्था के तहत बैंकों में प्रत्येक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाशरहता है, जबकि बाकी शनिवार को बैंक खुले रहते हैं।




















