

अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी। बलरामपुर - रामानुजगंज कलेक्टर के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा दूरस्थ एवं पहुँचविहीन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सेक्टर पीएचसी सबाग की स्वास्थ्य टीम ने झारखंड सीमा से लगे अत्यंत दुर्गम, पहाड़ी एवं जंगलों से घिरे पहाड़ी कोरवा बाहुल्य ग्राम में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया।
उक्त ग्राम वर्षा ऋतु में लगभग पूरी तरह से संपर्क विहीन हो जाता है तथा वहां तक पहुंचना अत्यंत कठिन हो जाता है। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कठिन पहाड़ी चढ़ाई और जंगलों से होकर ग्राम तक पहुंचकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान चिकित्सकीय जांच कर ग्रामीणों को आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर डोर-टू-डोर सर्वे एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया। ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुनकर आवश्यक परामर्श एवं उपचार भी प्रदान किया गया।
वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए ग्राम की मितानिन के पास आवश्यक एवं पर्याप्त मात्रा में दवाइयों का स्टॉक उपलब्ध कराया गया, ताकि आपात स्थिति में ग्रामीणों को तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सके।
स्वास्थ्य टीम द्वारा ग्रामीणों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल के उपयोग, मौसमी बीमारियों की रोकथाम तथा सर्पदंश से बचाव एवं प्राथमिक उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। इसके अतिरिक्त ग्राम के सभी कुओं एवं ढोढ़ियों में ब्लीचिंग पाउडर डालकर जल स्रोतों का शुद्धिकरण किया गया, जिससे जलजनित बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
ग्रामीणों ने दुर्गम क्षेत्र में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। स्वास्थ्य विभाग ने आगामी वर्षा ऋतु के दौरान भी ऐसे दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित निगरानी एवं स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने की बात कही है। स्वास्थ्य शिविर में सेक्टर पीएचसी सबाग की टीम, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मितानिनों की सक्रिय सहभागिता रही।





















