बलरामपुर: बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के जोकापाठ (लालदरा) गांव में मामूली बात को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मुर्गा बनाने की बात पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पति ने लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर चोटों के चलते पत्नी की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतिका दुखनी बाई अपने पति रमेश कोरवा के साथ लालदरा मोहल्ले में रहती थी। घटना की जानकारी मृतिका के पिता सोमारू साय को गांव के लोगों से मिली। सूचना मिलने पर वह लालदरा पहुंचा, जहां घर के अंदर कमरे में उसकी बेटी मृत अवस्था में पड़ी मिली। उसके सिर और पेट पर चोट के कई निशान पाए गए।मृतिका की सास ने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले रमेश और दुखनी ने हड़िया शराब बनाकर पी थी। शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच रमेश ने दुखनी से मुर्गा बनाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर रमेश ने दुखनी के साथ मारपीट की और घर से भाग गया।सूचना मिलने के बाद शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और देहाती मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल अधिकारी की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण और पंचनामा कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी रमेश कोरवा की तलाश कर उसे हिरासत में लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि दुखनी के मुर्गा नहीं बनाने और विवाद होने से नाराज होकर उसने सरई की लकड़ी के डंडे से उसके सिर और पेट पर वार किया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।आरोपी रमेश कोरवा पिता टिमला, उम्र 28 वर्ष, निवासी जोकापाठ (लालदरा), थाना शंकरगढ़ के खिलाफ अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में कार्रवाई की गई। पुलिस ने 30 अगस्त 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह, उप निरीक्षक बसंत एक्का, आरक्षक बबलू बेक सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!