
बिलासपुर: ग्रामीण अंचल के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों के डॉक्टर और इंजीनियर बनने के सपने को अब नई उड़ान मिलेगी। एनटीपीसी सीपत ने अपने सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत ‘संकल्प’ निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। इसके तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के चयनित 100 विद्यार्थियों को JEE और NEET जैसी प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल (IAS) विशिष्ट अतिथि SSP एवं DIG रजनेश सिंह (IPS) तथा अध्यक्षता एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने की।
प्रवेश परीक्षा से हुआ विद्यार्थियों का चयन
‘संकल्प’ कार्यक्रम के लिए कक्षा 10वीं और 11वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें प्रदर्शन के आधार पर 100 मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया गया है। कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए 50-50 विद्यार्थियों के दो बैच बनाए गए हैं।इस पहल में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत, शासकीय हाईस्कूल दर्राभाटा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजी तथा स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सीपत और पंधी के विद्यार्थी शामिल हैं।विशेषज्ञ फैकल्टी द्वारा सप्ताह में चार दिन, प्रतिदिन तीन घंटे विद्यार्थियों को भौतिकी, रसायन, गणित और जीव विज्ञान की गहन तैयारी कराई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान फैकल्टी ने विद्यार्थियों को अध्ययन योजना, समय प्रबंधन और अनुशासन के संबंध में भी जानकारी दी।
अतिथियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि संसाधनों की कमी कभी भी प्रतिभा और सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का पूरी मेहनत और लगन के साथ लाभ उठाने का आह्वान किया।SSP एवं DIG रजनेश सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को घर के पास उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग मिलना मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने ‘संकल्प’ को अनुकरणीय सामाजिक पहल बताया।
वहीं, एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि एनटीपीसी केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी लगातार काम कर रहा है। ‘संकल्प’ के माध्यम से सीपत अंचल से भविष्य के डॉक्टर और इंजीनियर तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मानव संसाधन प्रमुख बी.बी. पात्रा सहित विशेषज्ञ फैकल्टी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। ‘संकल्प’ पहल से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलने के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ने का मंच भी मिलेगा।




















