भोपाल : दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में शुक्रवार को मध्य प्रदेश की राजनीति के दो बड़े चेहरे एक साथ नजर आए. पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने विमान में मुलाकात की और कुछ देर आपस में बातचीत करते दिखाई दिए. दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है.

एक ही फ्लाइट में दिखे दोनों दिग्गज नेता

शुक्रवार को शिवराज सिंह चौहान और दिग्विजय सिंह भोपाल से दिल्ली के लिए एक ही विमान में रवाना हुए. यात्रा के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात हुई. वीडियो में दोनों एक-दूसरे से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं. विमान में मौजूद एक यात्री ने इस पूरे पल को अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

अलग-अलग राजनीतिक दलों और विचारधाराओं से जुड़े इन दोनों नेताओं को इस तरह सहज अंदाज में बातचीत करते देखना लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गया है.

भोपाल दौरे के दौरान शिवराज का दिखा अलग अंदाज

शिवराज सिंह चौहान हाल ही में भोपाल पहुंचे थे. इस दौरान जब वे सड़क मार्ग से गुजर रहे थे तो रास्ते में लोगों का हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर अभिवादन करते नजर आए. इस दौरान कुछ लोगों ने उनसे दोबारा मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने की इच्छा भी जताई.

एक महिला ने शिवराज से कहा कि मामा जी, आप वापस आ जाइए, आपकी बहुत जरूरत है. वहीं एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि जनता उन्हें काफी याद करती है. इस पर शिवराज ने जवाब दिया कि वह भी जनता को याद करते हैं.

फ्लाइट में दिग्विजय सिंह के साथ उनकी मुलाकात के वीडियो के सामने आने के बाद अब दोनों नेताओं की यह तस्वीर राजनीतिक हलकों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा बटोर रही है.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!