अंबिकापुर: मवेशी तस्करी के मामले में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बतौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झारखंड के गुमला निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पहले ही 13 मवेशियों और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को जब्त किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार 17 जनवरी 2026 को सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-FY-8400 में 6 गाय और 7 बछिया सहित कुल 13 मवेशियों को कथित तौर पर क्रूरता से बांधकर छत्तीसगढ़ से झारखंड के बूचड़खाने की ओर ले जाया जा रहा था। ग्राम बोदा बगीचा रोड स्थित घोषरा पखना खेत के पास पिकअप वाहन का पिछला चक्का खराब होने के बाद चालक और अन्य तस्कर वाहन व मवेशियों को छोड़कर फरार हो गए थे।सूचना पर बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन सहित सभी 13 मवेशियों को बरामद कर जब्त किया। मामले में फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित कर झारखंड भेजी गई। जांच के दौरान वाहन स्वामी और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने अयान अहमद, पिता मोहम्मद अशगर, उम्र 21 वर्ष, निवासी गुमला, झारखंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक आरोपी के मोबाइल फोन से पिकअप वाहन में मवेशियों की तस्करी से संबंधित वीडियो भी मिला है।पुलिस ने बताया कि आरोपी को पहले धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया गया था, लेकिन विवेचना में सहयोग नहीं करने और उपस्थित नहीं होने पर जांच के दौरान उसकी संलिप्तता पाए जाने के बाद धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई। आरोपी को गिरफ्तार कर इसकी सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है।प्रकरण में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उप निरीक्षक अरुण गुप्ता, आरक्षक राकेश एक्का और आरक्षक विकास एक्का की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!