

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के साथ दो नाबालिग बालक भी इस वारदात में शामिल थे। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई।तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी डुमरपारा निवासी गिरधारी किस्पोट्टा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG15DE1621 को अज्ञात व्यक्ति घर के आंगन से चोरी कर ले गया। मामले में बतौली थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही सागर कुजूर उर्फ बुतरू, निवासी बेलकोटा भगतपारा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की।
जांच में ग्राम बरगीडीह से एचएफ डिलक्स क्रमांक CG15DZ9655, अंबिकापुर के मेंड्राकला क्षेत्र से एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG15EE9186 तथा ग्राम देवरी डुमरपारा से चोरी की गई एचएफ डिलक्स क्रमांक CG15DE1621 बरामद की गई।पुलिस ने मामले में छोटे संगठित अपराध और सामान्य आशय से अपराध किए जाने की धाराएं भी जोड़ी हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि प्रकरण में शामिल दो नाबालिग बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना बतौली, लुण्ड्रा और मणिपुर पुलिस टीम की संयुक्त भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











