भोपाल। लगातार हो रही बारिश के बीच राजधानी भोपाल में पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायतों ने हड़कंप मचा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो पेट्रोल पंपों को सील कर दिया। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पेट्रोल के नमूने प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आई यह वजह

खाद्य विभाग की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि पुरानी पाइपलाइन के जरिए बारिश का पानी पेट्रोल टैंक तक पहुंच गया, जिससे ईंधन दूषित हो गया। हालांकि वास्तविक कारण का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

अशोकागार्डन में वाहन हुए बंद, ग्राहकों ने किया हंगामा

अशोकागार्डन के पुष्पा नगर स्थित एक पेट्रोल पंप पर कई लोगों ने पेट्रोल भरवाया। कुछ ही दूरी पर पहुंचते ही दोपहिया वाहन अचानक बंद हो गए। जब ग्राहकों ने ईंधन की जांच की तो उसमें पानी मिला हुआ दिखाई दिया। इसके बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया। कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।

जहांगीराबाद के पेट्रोल पंप पर भी मिली शिकायत

इसी तरह जहांगीराबाद स्थित एक अन्य पेट्रोल पंप से भी पानी मिला पेट्रोल मिलने की शिकायत सामने आई। जांच टीम ने वहां पहुंचकर निरीक्षण किया और पेट्रोल के नमूने परीक्षण के लिए भेज दिए। मामले की जांच पूरी होने तक संबंधित पंप पर भी कार्रवाई की गई।

100 से ज्यादा ग्राहकों को लौटाई गई राशि

कार्रवाई के दौरान दोनों पेट्रोल पंप संचालकों ने प्रभावित ग्राहकों को पैसे वापस किए। एक पंप पर 100 से अधिक ग्राहकों को लगभग 19 हजार रुपये लौटाए गए, जबकि दूसरे पंप पर करीब 70 ग्राहकों को लगभग 10 हजार रुपये वापस किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोष तय होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!