

शिवपुरी। मध्यप्रदेश में लगातार हो रही बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। शिवपुरी में सोमवार रात हुई तेज बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। जगह-जगह जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि पानी में छिपे गड्ढों ने हादसों का खतरा भी बढ़ा दिया।
जलभराव ने बिगाड़ी यातायात व्यवस्था
बारिश के बाद शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया। सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गईं। पानी भरने के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रही।
स्कूली वैन गहरे गड्ढे में फंसी, बच्चों ने दिखाई सूझबूझ
न्यू पुलिस लाइन स्टेशन रोड पर एक स्कूली वैन पानी से ढकी सड़क पार करते समय गहरे गड्ढे में फंस गई। वैन में कई स्कूली बच्चे सवार थे। स्थिति को देखते हुए बच्चों ने भी हिम्मत दिखाई और वैन के टायरों के नीचे पत्थर लगाकर उसे बाहर निकालने में मदद की। काफी प्रयास के बाद वैन को गड्ढे से निकाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
सड़क व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शहर की बदहाल सड़कों और जल निकासी व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि हर बारिश में सड़कों पर पानी भर जाता है, जिससे गड्ढे नजर नहीं आते और हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।











