

राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन से गूंजा संयुक्त जिला कार्यालय
आमजनों की सुविधा सर्वोपरि, सड़के रहें दुरूस्त, आवागमन सुगम बनाने के दिए निर्देश
बलरामपुर। संयुक्त जिला कार्यालय का सभाकक्ष आज राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के स्वरों से गूंज उठा। जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा की बैठक की शुरुआत अधिकारियों द्वारा राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन से हुई। सभी ने एक स्वर में राष्ट्रगीत का गायन कर राष्ट्र प्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने हर घर तिरंगा एवं राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 अगस्त 2026 तक आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज अपने घर पर फहराने एवं राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम गायन के लिए प्रेरित करें। ताकि आमजन में देश भक्ति और राष्ट्र ध्वज के प्रति सम्मान की भावना जागृत हो। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने और कार्यक्रमों में सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
13 अगस्त को होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह का फाइनल रिहर्सल
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं 12 अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय बलरामपुर में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह का फाइनल रिहर्सल 13 अगस्त 2026 को प्रातः 8.30 बजे से पुलिस ग्राउंड, बलरामपुर में होगा। उन्होंने समारोह से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा संबंधित कार्यालय प्रमुखों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को फाइनल रिहर्सल में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
बारिश में सड़कें रहें चलने योग्य, गड्ढों का तत्काल हो भराव
सड़क निर्माण एवं संधारण एजेंसियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बारिश के दौरान सड़कों पर गड्ढों के कारण आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को गड्ढों का तत्काल भराव कराने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा और सुरक्षित आवागमन शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है। बारिश के कारण जहां भी सड़कें खराब हुई हैं, वहां तत्काल सुधार कार्य कराकर सड़कों को चलने योग्य बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थिति की निगरानी करने तथा प्रमुख एवं ग्रामीण सड़कों पर आवागमन बाधित न हो इसके लिए तात्कालिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सर्वाेच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की जानकारी लेते हुए जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग एवं फॉलोअप करते हुए त्वरित कार्रवाई करने को कहा, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न हो।

पारस पोर्टल की प्रगति की समीक्षा, रैंकिंग बेहतर करने के निर्देश
बैठक में पारस पोर्टल की प्रगति की विशेष रूप से समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि पारस पोर्टल के माध्यम से शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं सतत निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पोर्टल पर निर्धारित कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने वीबी-जी रामजी के तहत सभी ग्राम पंचायतों में कार्य सुनिश्चित करने, एग्रीस्टैक पंजीयन में तेजी लाने तथा डीएससी सहित अन्य प्राथमिकता वाले कार्यों के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और जिले की रैंकिंग में सुधार के लिए गंभीरता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान में 31 योजनाओं से पात्र परिवारों का होगा सैचुरेशन
सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ डॉ चतुर्वेदी ने कहा कि अभियान के तहत 31 योजनाओं से पात्र परिवारों को सैचुरेट किया जाना है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र परिवार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना, टीकाकरण एवं एएनसी पंजीयन, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र तथा मतदाता पहचान पत्र के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड में 23वें से दूसरे स्थान पर पहुंचा जिला, और बेहतर प्रदर्शन पर जोर
आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि नियमित मॉनिटरिंग, फॉलोअप एवं विभागीय समन्वय से 3 दिवसीय महाअभियान के माध्यम से जिले ने 22वें स्थान से दूसरे स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। उन्होंने कहा कि निरंतर निगरानी और सामूहिक प्रयासों से आयुष्मान कार्ड एवं वंदन कार्ड के कार्यों में और तेजी लाते हुए जिले को अग्रणी स्थान पर पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करें।बैठक में समय-सीमा प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालयीन प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर कलेक्टर आर. एस. लाल, चेतन बोरघरिया, प्रमोद गुप्ता सहित अनुविभागीय अधिकारी, विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।











