

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी के मामले में पुलिस ने एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को ग्राम उरंगा निवासी उदय कुमार सिंह ने थाना रामचंद्रपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग छह गाय-बछड़ों को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए बुचड़खाने ले जा रहे थे। विरोध किए जाने पर आरोपी मौके पर ही छह मवेशियों को छोड़कर फरार हो गए थे।
मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धाराओं 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने 16 जुलाई को ही दो आरोपियों ऐनुल और मौजूद्दीन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था।
विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के कथनों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी अब्दुला अंसारी पिता आशिक अंसारी (39 वर्ष), निवासी ग्राम कुलुडीह, थाना सनावल, को 10 अगस्त को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।











