

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते किराना दुकान में आग लगाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
जानकारी के अनुसार ग्राम सोनहत निवासी मायाराम साहू (45) ने थाना रघुनाथनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका दामाद अनिल साहू (23), निवासी चांदनी बिहारपुर, जिला सूरजपुर, ने 8 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच आपसी कहासुनी के दौरान ग्राम सोनहत स्थित किराना दुकान में आग लगा दी। उक्त दुकान का संचालन उसकी बेटी द्वारा किया जाता है। आग लगने से दुकान में रखा काफी सामान जल गया और आर्थिक नुकसान हुआ।घटना के बाद पारिवारिक स्तर पर समझौते का प्रयास किया गया। आरोप है कि अनिल साहू ने नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया था, लेकिन राशि नहीं देने पर मायाराम साहू ने थाना में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर रघुनाथनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 94/2026 में धारा 326(छ) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपी अनिल साहू को सोमवार को न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।











