

रायगढ़: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत तमनार पुलिस ने 60 किलो गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर को ओडिशा के बौद्ध जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना ठिकाना बदल रहा था।
पुलिस के मुताबिक 20 अप्रैल 2026 को तमनार पुलिस ने सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से 60 किलो गांजा परिवहन करते हुए सोहन लाल सिदार और विनोद प्रधान को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से गांजा, कार और दो मोबाइल सहित करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा से गांजा प्राप्त करने और इसके लिए एक मोबाइल नंबर के जरिए संपर्क होने की जानकारी दी थी।मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबर की पतासाजी की। जांच के दौरान मुख्य गांजा सप्लायर के रूप में ओडिशा के बौद्ध जिले के शंकर मेहर की पहचान हुई। गिरफ्तारी की भनक लगने के बाद आरोपी अपने घर से फरार हो गया था।तमनार पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए क्षेत्र में पुलिस कैंप लगाकर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि शंकर मेहर अपने गांव गुण्डीपदर में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से उसके ठिकाने पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वह पुलिस से बचने के लिए हर बार अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था और गांजा लेने वाले लोगों को अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर डील करता था। इतना ही नहीं, वह अपनी पहचान भी बदलकर बताता था। अप्रैल में पकड़े गए आरोपियों के सामने उसने अपना नाम “कमल मेहर” बताया था।
पुलिस ने आरोपी शंकर मेहर पिता नित्यानंद मेहर, उम्र 30 वर्ष, निवासी गुण्डीपदर, थाना बाउन्सुनी, जिला बौद्ध, ओडिशा को थाना तमनार के अपराध क्रमांक 78/2026 में धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।इस कार्रवाई को 60 किलो गांजा तस्करी मामले में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने केवल गांजा बरामद करने और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहते हुए पूरे सप्लाई नेटवर्क की कड़ी तक पहुंच बनाई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई में केवल छोटे तस्करों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे सप्लाई चैन की जांच कर मुख्य सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने आमजन से भी नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
इस कार्रवाई में तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल किशोर यादव, सहायक उप निरीक्षक शशिदेव भोय और आरक्षक अतुल सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











