

रायगढ़: नशे और अवैध शराब के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतरारोड़ पुलिस ने ग्रामीणों, महिला समूहों और सक्रिय युवाओं के साथ मिलकर ग्राम गेजामुड़ा में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।पुलिस के मुताबिक, गेजामुड़ा में पिछले एक सप्ताह से महिला समूह, सक्रिय युवा और गणमान्य नागरिक गांव में अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर खेत में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार किए जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर कोतरारोड़ पुलिस और ग्राम गेजामुड़ा की महिला समिति ने संयुक्त रूप से मौके पर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 20 बोरी महुआ लहान बरामद हुआ। इसके अलावा 10 डिब्बों और 5 बाल्टियों में भारी मात्रा में महुआ पास भी मिला। पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में बरामद महुआ लहान और महुआ पास को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।अवैध शराब का निर्माण किसके द्वारा किया जा रहा था, इस संबंध में कोतरारोड़ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और संबंधित लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील कुमार आदित्य ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि घर, दुकान, होटल और ढाबों में अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि शराब और जुआ जैसी सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने के लिए पुलिस के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है।पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि क्षेत्र में कहीं अवैध शराब का निर्माण, बिक्री अथवा जुआ संचालित होने की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शील कुमार आदित्य, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक क्षितिज देवांगन, सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी, आरक्षक राजेश खांडे एवं चूड़ामणि गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे और अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन में आम नागरिकों की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।











