UPI Fraud:  आज के समय में UPI के जरिए भुगतान करना आम बात हो गई है। पैसे भेजने या मंगाने के लिए लोग अक्सर अपनी UPI ID, मोबाइल नंबर या QR कोड साझा करते हैं। ऐसे में कई लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि कहीं सिर्फ UPI ID किसी के पास पहुंच जाने से बैंक खाते से रकम तो नहीं निकल जाएगी। इसका सीधा जवाब है- नहीं। केवल UPI ID, मोबाइल नंबर या QR कोड के आधार पर कोई भी आपके खाते से पैसे नहीं निकाल सकता। UPI ID केवल एक डिजिटल पहचान होती है, जिसका उपयोग भुगतान भेजने और प्राप्त करने के लिए किया जाता है।

बैंक खाते से पैसा कब कटता है?

UPI के माध्यम से आपके खाते से राशि तभी निकलती है, जब आप खुद किसी ट्रांजैक्शन को मंजूरी देते हैं और अपना UPI PIN दर्ज करते हैं। यानी आपकी अनुमति और PIN के बिना कोई भी व्यक्ति केवल UPI ID के सहारे आपके खाते से पैसे ट्रांसफर नहीं कर सकता।

यहीं से शुरू होता है साइबर ठगों का खेल

धोखेबाज अक्सर बैंक अधिकारी, कस्टमर केयर प्रतिनिधि या किसी कंपनी के कर्मचारी बनकर लोगों से संपर्क करते हैं। वे अलग-अलग बहाने बनाकर भरोसा जीतने की कोशिश करते हैं और फिर आपके मोबाइल पर 'Collect Request' भेज देते हैं।इसके बाद वे दावा करते हैं कि रिफंड, इनाम, कैशबैक या किसी भुगतान को प्राप्त करने के लिए आपको केवल रिक्वेस्ट स्वीकार करनी होगी और UPI PIN दर्ज करना होगा। जैसे ही आप ऐसा करते हैं, आपके खाते से पैसे कट सकते हैं।

Collect Request स्वीकार करने से पहले जरूर करें जांच

यदि किसी अनजान व्यक्ति की ओर से पेमेंट रिक्वेस्ट आती है, तो उसे बिना जांचे स्वीकार न करें। सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि रिक्वेस्ट का उद्देश्य क्या है और सामने वाला व्यक्ति भरोसेमंद है या नहीं। जल्दबाजी में PIN दर्ज करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।

UPI PIN और OTP किसी को न बताएं

एक बात हमेशा याद रखें कि पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी UPI PIN या OTP दर्ज करने की आवश्यकता नहीं होती। यदि कोई व्यक्ति पैसे भेजने के नाम पर आपसे PIN, OTP, पासवर्ड या बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी मांगता है, तो इसे तुरंत धोखाधड़ी की कोशिश समझें।

बैंक, UPI ऐप या कोई भी अधिकृत संस्था फोन या मैसेज के जरिए ऐसी संवेदनशील जानकारी नहीं मांगती।

QR कोड और लिंक पर भी रखें सतर्क नजर

अनजान QR कोड स्कैन करने या संदिग्ध पेमेंट लिंक पर क्लिक करने से भी बचें। किसी इनाम, रिफंड या ऑफर के नाम पर मिलने वाले लिंक पर कार्रवाई करने से पहले अच्छी तरह जांच लें कि आपके खाते में पैसा आने वाला है या उससे पैसा कटने वाला है।

सुरक्षित UPI इस्तेमाल के लिए याद रखें ये आसान नियम

UPI ID, मोबाइल नंबर और QR कोड साझा करना सामान्य रूप से सुरक्षित है, लेकिन अपना UPI PIN, OTP, पासवर्ड और बैंकिंग जानकारी हमेशा गोपनीय रखें। थोड़ी सी सतर्कता अपनाकर आप साइबर ठगी से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!