

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे देश में चल रहे तिरंगा अभियान के तहत मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिला भाजपा की ओर से आयोजित इस यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। देशभक्ति के रंग में रंगी इस यात्रा में बच्चों और युवाओं का उत्साह खास आकर्षण रहा।
बारिश के चलते बदला गया यात्रा का मार्ग
तिरंगा यात्रा की शुरुआत सुबह टीटी नगर स्टेडियम से हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा न्यू मार्केट और रोशनपुरा चौराहे से होकर दोबारा टीटी नगर पहुंचने वाली थी। हालांकि तेज बारिश और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यात्रा का मार्ग छोटा कर दिया। इसके बाद यात्रा को न्यू मार्केट स्थित नानके पेट्रोल पंप चौराहे से ही वापस टीटी नगर की ओर मोड़ दिया गया।
बुलेट पर पहुंचे मुख्यमंत्री, हाथ में तिरंगा लेकर चले पैदल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम स्थल पर बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे, जिससे उपस्थित लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। इसके बाद उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर पैदल यात्रा में भाग लिया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में बच्चे और नागरिक तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल रहे और पूरे जोश के साथ देशभक्ति का संदेश देते नजर आए।
14 अगस्त तक चलेगा तिरंगा अभियान
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पूरे देश में तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 14 अगस्त तक जारी रहेगा और गांव, शहर, जिला, संभाग तथा राज्य स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।
देशभक्ति के रंग में रंगा भोपाल
बारिश के बावजूद तिरंगा यात्रा में लोगों की बड़ी भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बना दिया। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के बीच निकली यह यात्रा स्वतंत्रता दिवस के उत्साह और राष्ट्रीय एकता की भावना का प्रतीक बन गई।











