

छुईखदान। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। छुईखदान पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 335 ग्राम गांजा, बिक्री से मिली नकदी और अन्य सामग्री बरामद की है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बनाई रणनीति
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम खैरानवापारा निवासी प्रकाश वर्मा अपने घर के पास झाड़ियों में गांजा छिपाकर रखता है और वहीं से इसकी बिक्री करता है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर छुईखदान थाना पुलिस और साइबर सेल केसीजी की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के घर के पास स्थित झाड़ियों में घेराबंदी कर छापेमारी की।
प्लास्टिक की बोरी से मिले गांजे के पैकेट
तलाशी के दौरान पुलिस को झाड़ियों में एक सफेद-हरे रंग की प्लास्टिक बोरी मिली, जिस पर रासी जलमित्रा लिखा हुआ था। बोरी के अंदर पॉलीथिन में छोटे-छोटे पैकेट रखे हुए थे।
जांच करने पर इन पैकेटों में गांजा मिला। पुलिस ने कुल 54 छोटे पैकेटों से 220 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा एक अन्य पैकेट से 45 ग्राम गांजा मिला। बोरी समेत बरामद गांजे का कुल वजन 335 ग्राम पाया गया।
नकदी समेत 3100 रुपये की सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से गांजा बिक्री से मिले 600 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2500 रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 3100 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रकाश वर्मा (50 वर्ष), पिता दुखवा राम वर्मा, निवासी ग्राम खैरानवापारा के रूप में हुई।
एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छुईखदान थाने में अपराध क्रमांक 287/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को 6 अगस्त 2026 को जेएमएफसी न्यायालय छुईखदान में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड में उपजेल सलोनी भेज दिया गया।
नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी में शामिल है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।











