धमतरी। धमतरी जिले के आमापारा क्षेत्र में बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने ठेकेदार दीपेश गांधी के निवास पर छापेमार कार्रवाई की। सुबह से चल रही इस कार्रवाई ने इलाके में हलचल बढ़ा दी है। अधिकारियों के साथ सुरक्षा बलों के जवान भी मौके पर तैनात हैं और पूरे परिसर की निगरानी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम तीन वाहनों में पहुंची और घर के भीतर प्रवेश कर दस्तावेजों की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड, संपत्ति संबंधी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खंगाले जा रहे हैं।

कई घंटों से जारी है जांच

सूत्रों के मुताबिक, ईडी के अधिकारी पिछले कई घंटों से घर के भीतर मौजूद हैं। इस दौरान दस्तावेजों की पड़ताल के साथ-साथ संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। अधिकारियों की टीम वित्तीय गतिविधियों और लेनदेन से जुड़े पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

जिले के बड़े ठेकेदारों में गिना जाता है नाम

दीपेश गांधी का नाम धमतरी जिले के प्रमुख ठेकेदारों में लिया जाता है। हाल के दिनों में भारतमाला परियोजना से जुड़े मुआवजा मामले की जांच को लेकर भी विभिन्न एजेंसियां सक्रिय हैं। हालांकि, ईडी की ओर से अभी तक छापेमारी के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसर के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। स्थानीय लोगों की नजरें भी इस कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।फिलहाल ईडी की जांच जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अधिकृत विवरण सामने आने की संभावना है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!