कोरबा:  भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपनी लॉजिस्टिक्स क्षमता को और अधिक मजबूत करते हुए रेलवे यार्ड में दूसरा बीटीएपी (बोगी टैंक एल्यूमिना पाउडर) एम-1 (बी12) रेलवे रेक शामिल किया है। कंपनी का कहना है कि यह पहल एल्यूमिना की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और एक मिलियन टन वार्षिक उत्पादन (1 एमटीपीए) के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

एल्यूमिना एल्यूमिनियम उत्पादन का प्रमुख कच्चा माल है और इसकी समय पर उपलब्धता उत्पादन प्रक्रिया के लिए बेहद जरूरी होती है। प्रतिदिन बड़ी मात्रा में एल्यूमिना लंबी दूरी तय कर बालको के संयंत्र तक पहुंचता है। ऐसे में नए रेलवे रेक के जुड़ने से कच्चे माल की सुरक्षित, तेज और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी।भारतीय रेलवे की लिबरलाइज्ड स्पेशल फ्रेट ट्रेन ऑपरेटर (एलएसएफटीओ) योजना के तहत शामिल इस नए रेलवे रेक से रेल आधारित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। इससे सड़क परिवहन पर निर्भरता घटेगी, बड़ी मात्रा में एल्यूमिना का सुरक्षित और नियमित परिवहन संभव होगा तथा लॉजिस्टिक्स लागत में भी दीर्घकालिक कमी आएगी। रेल परिवहन के बढ़ते उपयोग से सामग्री की आवाजाही अधिक व्यवस्थित, विश्वसनीय और पर्यावरण के अनुकूल बनेगी।बालको ने इस नए रेलवे रेक को अपने आधुनिक डिजिटल लॉजिस्टिक्स नेटवर्क से भी जोड़ा है। 24×7 कंट्रोल टॉवर के जरिए जीपीएस आधारित रियल-टाइम ट्रैकिंग, केंद्रीयकृत सीसीटीवी निगरानी और सस्टेनेबल ऑपरेशन मॉनिटरिंग के माध्यम से सामग्री की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जाएगी। इससे त्वरित निर्णय लेने, बेहतर समन्वय स्थापित करने और पूरी सप्लाई चेन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

कंपनी के अनुसार यह निवेश केवल परिवहन अवसंरचना का विस्तार नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरतों के अनुरूप एक स्मार्ट, मजबूत और टिकाऊ सप्लाई चेन विकसित करने की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है। रेल परिवहन के बढ़ते उपयोग से कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी, जो वेदांता के वर्ष 2050 तक नेट-ज़ीरो कार्बन लक्ष्य के अनुरूप है।बालको ने कहा कि आधुनिक तकनीक, कुशल लॉजिस्टिक्स और टिकाऊ विकास के सहारे कंपनी एक मिलियन टन वार्षिक उत्पादन क्षमता हासिल करने और देश के एल्यूमिनियम उद्योग में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!