मोहालीः पंजाब के मोहाली से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक निजी कंपनी में काम करने वाली युवती पर उसके पूर्व प्रेमी ने ऑफिस के अंदर घुसकर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवती की मौत हो गई, जबकि आरोपी ने बाद में खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया।

डेस्क पर काम करते समय किया हमला, ऑफिस में मची अफरा-तफरी

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ दिखता है कि युवती अपने डेस्क पर काम कर रही थी। इसी दौरान आरोपी अचानक पीछे से पहुंचा और चाकू से वार कर दिया। घायल होने के बाद युवती भागने की कोशिश करती है, लेकिन आरोपी उसे पकड़कर लगातार हमला करता रहता है।

ऑफिस में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी धमकाकर दूर कर दिया और बाद में खुद पर भी चाकू से वार कर लिया।

पूर्व प्रेमी निकला आरोपी, ब्रेकअप से था नाराज

पीड़िता की पहचान पटियाला निवासी डिंपल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान हरमिंदर मान उर्फ हैरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों पहले रिलेशनशिप में थे और एक ही कंपनी में काम करते थे।

करीब तीन साल से दोनों एक साथ काम कर रहे थे, इसी दौरान उनका संबंध बना था, लेकिन हाल ही में ब्रेकअप के बाद आरोपी मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।

आफिस में घुसकर दिया खौफनाक वारदात को अंजाम

ब्रेकअप के बाद नाराज आरोपी ने गुरुवार देर शाम मौका पाकर ऑफिस में घुसकर यह हमला किया। वारदात के बाद पूरे परिसर में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी की हालत गंभीर, जांच जारी

हमले के बाद आरोपी भी गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!