छत्तीसगढ़ : विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रेसवार्ता के दौरान राज्य सरकार और मंत्रियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक के मामलों और प्रदेश सरकार की कार्यशैली को लेकर कई सवाल उठाए। इस दौरान उनके बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गए।

मंत्रियों को दी नसीहत, कहा दुकानदारी बंद करें

प्रेसवार्ता में डॉ. महंत ने मंत्रियों को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें जनता के हित में काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंत्री अपनी 'दुकानदारी' बंद करें और शासन की जिम्मेदारियों पर ध्यान दें।उन्होंने कहा, 'मंत्रीगण सोचें और दुकानदारी बंद कर दें। मैं सब जानता हूं कि कौन क्या कर रहा है। दुकानदारी मत चलाइए, यही कहना चाहता हूं।'इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में धान, कोयला, शराब और रेत जैसे क्षेत्रों में क्या हो रहा है, इसकी जानकारी जनता के साथ उन्हें भी है।

सरकार पर भी साधा निशाना

चरणदास महंत ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार परिस्थितियों की वजह से सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में जनता इसका जवाब देगी और तब पता चलेगा कि सत्तारूढ़ दल कितनी सीटें जीत पाता है।

पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं का मुद्दा उठाया

प्रेसवार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक और अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह केवल परीक्षा से जुड़ा मामला नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के भविष्य का सवाल है।महंत ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इसी मुद्दे को लेकर देशभर में अभियान चला रहे हैं ताकि छात्रों की आवाज को मजबूती मिल सके।

छात्रों के भविष्य पर जताई चिंता

डॉ. महंत ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां मेहनत करने वाले छात्रों के सपनों पर असर डाल रही हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं का भरोसा कमजोर होता है और इस समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!