Datiya By-Election: दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच चुनावी सरगर्मियां अपने चरम पर हैं। आरोप-प्रत्यारोप और तीखे चुनाव प्रचार के माहौल में एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने राजनीतिक गलियारों के साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा छेड़ दी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की मुलाकात ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

सभा के बीच रुका भाजपा प्रत्याशी का काफिला

जानकारी के अनुसार, जीतू पटवारी एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान वहां से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का काफिला गुजर रहा था। पटवारी ने मंच से उन्हें रुकने का आग्रह किया। इसके बाद आशुतोष तिवारी मंच के पास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया, गले मिले और कुछ देर बातचीत भी की।यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों के लिए अप्रत्याशित था और इसकी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे।

राजनीतिक हलकों में शुरू हुई चर्चा

इस मुलाकात को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई राजनीतिक जानकार इसे लोकतांत्रिक परंपरा और व्यक्तिगत संबंधों की सकारात्मक मिसाल मान रहे हैं। वहीं कुछ लोग इसे चुनावी रणनीति के नजरिए से भी देख रहे हैं।हालांकि दोनों दल चुनाव मैदान में पूरी ताकत के साथ आमने-सामने हैं, लेकिन यह मुलाकात राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच आपसी सम्मान और संवाद की संस्कृति की भी झलक देती है।

पहले भी चर्चा में रह चुकी हैं ऐसी मुलाकातें

यह पहला अवसर नहीं है जब जीतू पटवारी की किसी भाजपा नेता के साथ सहज मुलाकात चर्चा में आई हो। इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत अन्य नेताओं के साथ ट्रेन में चाय पर हुई बातचीत की तस्वीरें भी काफी सुर्खियों में रही थीं।

30 जुलाई को होगा मतदान

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी। इस सीट पर भाजपा ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है।फिलहाल चुनाव प्रचार के बीच दोनों नेताओं की यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसे चुनावी माहौल की एक अलग तस्वीर के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!