बलरामपुर: कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा यूनिसेफ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट, रायपुर के सहयोग से जिले में गैर संचारी रोगों की शीघ्र पहचान एवं समय पर उपचार के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय बलरामपुर के बस स्टैंड एवं संतोषी नगर चौक में नुक्कड़ नाटक और नृत्य के माध्यम से लोगों को  स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।प्रस्तुति के दौरान बच्चों में होने वाले गैर संचारी रोगों जैसे सिकल सेल रोग, टाइप-1 डायबिटीज (बाल मधुमेह) तथा अन्य गंभीर बीमारियों के कारण, लक्षण एवं समय पर जांच और उपचार के महत्व को सरल एवं रोचक तरीके से समझाया गया। आमजन से अपील की गई कि यदि बच्चों में ऐसे लक्षण दिखाई दें तो उन्हें तत्काल नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में जांच के लिए लेकर जाएं।

इस अवसर पर जन्मजात हृदय विकार के प्रारंभिक लक्षणों, जैसे छोटे बच्चों का दूध न पी पाना, सांस लेने में कठिनाई होना एवं अन्य संकेतों की जानकारी भी सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से दी गई। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए नियमित टीकाकरण, गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व से भी लोगों को अवगत कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित कर बच्चों एवं माताओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना तथा आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!