अम्बिकेश गुप्ता

कुसमी। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत कोरंधा पुलिस द्वारा शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कोरंधा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम गुरुवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों की उपस्थिति के बीच छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से होने वाले कानूनी एवं सामाजिक दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई।

इस दौरान कोरंधा पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के किसी भी छात्र-छात्रा को मोटर वाहन चलाने की अनुमति नहीं है। बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में दुर्घटना होने पर चालक के साथ-साथ वाहन उपलब्ध कराने वाले अभिभावकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। इसलिए नाबालिग विद्यार्थियों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया अथवा चारपहिया वाहन नहीं चलाना चाहिए।

साथ ही विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन नहीं चलाने, नशे की स्थिति में वाहन न चलाने तथा सड़क पर सदैव सतर्क रहने की सलाह दी गई। कोरंधा पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि यदि उनके परिवार का कोई सदस्य उन्हें नाबालिग अवस्था में वाहन चलाने के लिए देता है, तो वे स्वयं वाहन चलाने से मना करें तथा अपने अभिभावकों को भी कानून की जानकारी दें। साथ ही सड़क सुरक्षा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विद्यार्थियों से अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया।

विद्यालय के शिक्षकों ने इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि किशोर अवस्था में विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने, नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने तथा अपने परिवार एवं समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!