

रायपुर। मानसून के सक्रिय होने के बाद छत्तीसगढ़ में मौसम लगातार करवट ले रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जबकि कुछ जिलों में अब भी अच्छी बारिश का इंतजार है। मौसम विभाग के अनुसार 30 जून से राज्यभर में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आएगी और अगले चार दिनों तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा।
इन जिलों में तेज आंधी और बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, बालोद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बस्तर संभाग समेत कई जिलों में भी अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद, महासमुंद और बलरामपुर जिलों में भी मौसम बिगड़ने के संकेत हैं। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और बारिश होने की संभावना जताई गई है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि गरज-चमक और बिजली गिरने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें, खुले मैदानों में जाने से बचें और खेतों में काम करने से परहेज करें। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।











