धमतरी :  भखारा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम भेंड्रा में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर देखकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस

जानकारी के अनुसार, भेंड्रा निवासी यादराम साहू शाम के समय गांव के पास बने ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया था। घटना की जानकारी मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किए।

ढाई घंटे तक चला समझाइश का दौर

पुलिस ने करीब ढाई घंटे तक युवक से लगातार बातचीत की और उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। काफी मशक्कत के बाद युवक पुलिस की बात मान गया और सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई।

पारिवारिक विवाद बताया जा रहा कारण

ग्रामीणों के अनुसार, युवक पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद से परेशान था। बताया जा रहा है कि इसी वजह से वह पहले भी बिजली टावर पर चढ़ चुका है। घटना के बाद गांव में चिंता और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

पुलिस करेगी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

ग्राम पंचायत के सरपंच हीरेन्द्र मंडावी ने बताया कि युवक शाम करीब पांच बजे टावर पर चढ़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षित रेस्क्यू किया। वहीं भखारा थाना प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया है और मामले में नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!