रायपुर :  सोशल मीडिया पर खुद को 'डॉन' और बड़ा बदमाश दिखाने की होड़ लगातार बढ़ती जा रही है। अब केवल युवक ही नहीं, बल्कि युवतियां भी हथियारों के साथ रील बनाकर और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर खुद को दबंग साबित करने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की बात कही है।

जेल जाने और हत्या की धमकी वाला वीडियो वायरल

डीडीनगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक खुद को अपराधी की छवि में पेश करते हुए हत्या और जेल जाने जैसी बातें करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए लोगों को डराने और अपनी दबंगई दिखाने का प्रयास करता नजर आ रहा है।

लोगों में बढ़ी नाराजगी

वायरल वीडियो को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। नागरिकों का कहना है कि इस तरह की रीलें समाज में गलत संदेश देती हैं और युवाओं को अपराध की ओर आकर्षित कर सकती हैं। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

युवतियां भी बना रहीं धमकी भरे वीडियो

एक अन्य वायरल वीडियो में एक युवक और युवती कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों नियमित रूप से इस तरह की रीलें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

मोहर्रम जुलूस में चाकू लेकर किया प्रदर्शन

आजाद चौक थाना क्षेत्र से भी एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मोहर्रम जुलूस के दौरान एक युवक दोनों हाथों में चाकू और एक चाकू मुंह में दबाकर 'शेर डांस' करता नजर आ रहा है। सार्वजनिक स्थान पर हथियारों के इस तरह प्रदर्शन को लेकर लोगों ने चिंता जताई है।

पुलिस ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, धमकी, अश्लील भाषा या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों की पहचान की जा रही है। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने और कानून का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील भी की गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!