कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के सरोदा जलाशय में डूबे युवक का शव करीब 30 घंटे की लगातार तलाश के बाद बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त टीम ने लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद जलाशय से शव बाहर निकाला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक का माहौल है।

शुक्रवार शाम से चल रहा था रेस्क्यू अभियान

जानकारी के अनुसार भोरमदेव थाना क्षेत्र स्थित सरोदा जलाशय में शुक्रवार शाम कवर्धा निवासी शुभम मल्लाह अपने तीन दोस्तों के साथ नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही भोरमदेव थाना पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

कठिन परिस्थितियों में चला लगातार अभियान

जलाशय की अधिक गहराई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू अभियान आसान नहीं था। इसके बावजूद एसडीआरएफ की टीम और गोताखोरों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से लगातार 30 घंटे तक तलाश जारी रखी। आखिरकार शनिवार देर रात शुभम मल्लाह का शव जलाशय से बरामद कर लिया गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!