

रायगढ़: रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और बलवा करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार और डंडा भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बरखोरिया निवासी पुष्पा यादव ने 22 जून को थाना लैलूंगा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके परिवार द्वारा वर्षों से कब्जे वाली कृषि भूमि में धान की बुआई की गई थी। इसी दौरान कुछ लोग खेत में पहुंचकर जबरन जोताई और धान बुआई करने लगे। विरोध करने पर आरोपी एकजुट होकर उनके घर और आंगन में घुस गए तथा छप्पर और घरेलू सामान में तोड़फोड़ करते हुए गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।शिकायत के आधार पर थाना लैलूंगा में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की क्रेटा कार क्रमांक CG-11-AN-0911 तथा मारपीट में इस्तेमाल डंडा जब्त किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जमीन विवाद अथवा किसी भी अन्य कारण से कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मारपीट, बलवा, घर में घुसकर तोड़फोड़ और शांति भंग करने जैसी घटनाओं पर रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





















