रायगढ़: जिले के खरसिया क्षेत्र में मजदूरी कर घर लौट रहे एक युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट और नकदी छीनने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और छीनी गई रकम में से 400 रुपये बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, रतन महका निवासी 27 वर्षीय राजेश खण्डेल ने 20 जून को चौकी खरसिया में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 18 जून की रात करीब 8:30 बजे वह खरसिया से मजदूरी कर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गोपी महका स्थित पैठू तालाब के पास गांव के लल्ला उर्फ ललित राठौर और चन्द्रशेखर खण्डेल ने उसे रोक लिया।आरोप है कि दोनों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के पास रखे 1,000 रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए।शिकायत के आधार पर चौकी खरसिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 306/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और उसका विस्तृत बयान दर्ज किया गया।चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर छीनी गई रकम में से 200-200 रुपये और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गयागिरफ्तार आरोपियों की पहचान लल्ला उर्फ ललित राठौर (32) निवासी गोपी महका और चन्द्रशेखर खण्डेल (31) निवासी रतन महका के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण बांधव, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक कीर्ति सिदार और साविल चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!