रायपुर। राजधानी रायपुर के कोर्ट परिसर में  दो भाइयों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे कोर्ट परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित जिला न्यायालय के सेकेंड फ्लोर पर हुई, जहां न्यायाधीशों के आवागमन वाले गलियारे में मारपीट की वारदात सामने आई।

जानकारी के अनुसार, अश्वनी नगर निवासी दो भाई संजय सोनी और राहुल सोनी किसी विवाद को लेकर आमने-सामने हो गए। आरोप है कि बड़े भाई संजय सोनी ने छोटे भाई राहुल सोनी के साथ मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले हाथ में पहने कड़े से हमला किया गया और फिर राहुल का सिर दीवार से टकरा दिया गया, जिससे वह घायल हो गया।घटना के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सहित उसके साथ मौजूद अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया।हालांकि, घटना को लेकर चाकूबाजी की भी चर्चा रही, लेकिन पुलिस ने फिलहाल चाकू से हमला किए जाने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा घनश्याम नामक युवक शिव नगर का निवासी है और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश बताया जा रहा है। पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और संबंधित पक्षों से पूछताछ जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!