झांसी : आयोजित 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन' के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुंदेलखंड अब पिछड़े क्षेत्र की छवि से बाहर निकलकर विकास की नई मिसाल बन चुका है। उन्होंने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर, एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, फार्मा पार्क और औद्योगिक निवेश जैसी परियोजनाओं ने पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। अब यहां का युवा रोजगार की तलाश में पलायन नहीं कर रहा, बल्कि नए अवसरों का लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवार रहा है।

हर गांव को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर युवा को रोजगार, हर किसान तक सिंचाई की सुविधा और हर गांव को आत्मनिर्भर बनाना है। उनका कहना था कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रदेश का हर जिला और हर गांव आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनेगा।

मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, विपक्ष पर साधा निशाना

पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' की नीति ने भारत को दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल कर दिया है।

राम मंदिर को बताया नए भारत का प्रतीक

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जब पूरा देश एक लक्ष्य के साथ आगे बढ़ता है, तब ऐतिहासिक बदलाव संभव होते हैं। उन्होंने अयोध्या में बने राम मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि यह केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि नए भारत के निर्माण का प्रतीक भी है।

यूपीए सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्व यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में भ्रष्टाचार चरम पर था और देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हो गई थी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और आधारभूत ढांचे से लेकर रक्षा क्षेत्र तक अभूतपूर्व विकास हुआ है।

सपा और कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति गांधी परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जबकि समाजवादी पार्टी के लिए सैफई परिवार ही सबसे महत्वपूर्ण है। इसके विपरीत भाजपा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और उसी सोच के साथ काम करती है।

सामाजिक एकता को बताया राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत

योगी ने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद विपक्षी दल समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी सामाजिक एकता है और भाजपा समाज को जोड़ने का काम कर रही है, जबकि विपक्ष विभाजनकारी राजनीति में लगा हुआ है।

कोविड काल में भी नहीं रुका विकसित भारत का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पूरी दुनिया कोरोना महामारी से जूझ रही थी, तब भी प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत का विजन देश के सामने रखा। उन्होंने 'पंच प्रण' का उल्लेख करते हुए कहा कि गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, सांस्कृतिक विरासत पर गर्व, राष्ट्रीय सुरक्षा का सम्मान, सामाजिक एकता और नागरिक कर्तव्य जैसे संकल्प भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

भगवान राम राजा की परंपरा का भी किया उल्लेख

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने ओरछा की भगवान राम राजा परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति ने हर कठिन दौर में समाज को नई दिशा दी है। उन्होंने संत तुलसीदास के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभावना को मजबूत करने में संतों की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने और समाज को विकास के अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!