इंदौर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून से 22 जून तक मध्य प्रदेश के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर और कूनो नेशनल पार्क में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी। उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

18 जून को इंदौर पहुंचेंगी, बैतूल में करेंगी कार्यक्रम में शिरकत

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 18 जून की सुबह दिल्ली से रवाना होकर 9:25 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से वे हेलिकॉप्टर के जरिए बैतूल जाएंगी, जहां ब्रह्माकुमारीज के कार्यक्रम में शामिल होंगी।

इसके बाद दोपहर में वे ओंकारेश्वर के लिए रवाना होंगी और वहां पहुंचकर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी।

ओंकारेश्वर मंदिर में करेंगी दर्शन और आरती

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 जून की शाम ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान शिव के दर्शन करेंगी। साथ ही मंदिर में आयोजित आरती में भी शामिल होंगी। उनका रात्रि विश्राम ओंकारेश्वर स्थित एनएचडीसी गेस्ट हाउस में रहेगा।

सिकल सेल एनीमिया दिवस कार्यक्रम में रहेंगी मौजूद

19 जून को राष्ट्रपति अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे इंदौर लौटेंगी और वहां से पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो जाएंगी।

जबलपुर में योग दिवस समारोह की बनेंगी मुख्य अतिथि

20 जून की शाम राष्ट्रपति जबलपुर पहुंचेंगी और सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन 21 जून को वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी।

इसके बाद रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें कॉन्क्लेव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी।

कूनो नेशनल पार्क में करेंगी वन्यजीवों का अवलोकन

21 जून को दोपहर बाद राष्ट्रपति ग्वालियर होते हुए श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगी। यहां वे कूनो गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगी।

22 जून की सुबह राष्ट्रपति कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी और वहां की वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों का जायजा लेंगी।

22 जून को दिल्ली लौटेंगी राष्ट्रपति

कूनो नेशनल पार्क के दौरे के बाद राष्ट्रपति हेलिकॉप्टर से ग्वालियर पहुंचेंगी। वहां से वे विमान द्वारा दिल्ली के लिए रवाना होंगी और उनका मध्य प्रदेश का पांच दिवसीय दौरा संपन्न होगा।

धार्मिक, शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रमों पर रहेगा विशेष फोकस

राष्ट्रपति के इस दौरे में धार्मिक स्थलों के दर्शन, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, योग दिवस समारोह, विश्वविद्यालय कार्यक्रम और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े आयोजन शामिल हैं। ऐसे में यह दौरा मध्य प्रदेश के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!