

बिलासपुर: बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रामगोपाल गर्ग ने रेलवे सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (RPF), शासकीय रेल पुलिस (GRP) और रेलवे लाइन से जुड़े जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने तथा आधुनिक तकनीक के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सक्ती जिले के पुलिस अधिकारी, रेलवे प्रशासन और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। आईजी ने सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर रेलवे क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।बैठक में रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे और फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS)लगाने का लक्ष्य तय किया गया। साथ ही सभी पुलिस अधीक्षकों को एक माह के भीतर आदतन अपराधियों, नशा तस्करों और लापता बच्चों का डेटाबेस आरपीएफ को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि अपराधियों की पहचान और निगरानी आसान हो सके।
आईजी ने ट्रेनों के माध्यम से होने वाली गांजा, हेरोइन, सिंथेटिक ड्रग्स तथा अवैध कबाड़ की तस्करी रोकने के लिए RPF, GRP और जिला पुलिस की संयुक्त सरप्राइज चेकिंग टीम गठित करने के निर्देश दिए। रेलवे संपत्ति की चोरी में शामिल कबाड़ी नेटवर्क पर भी RPUP एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।रेलवे स्टेशन परिसरों में रात के समय असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर सख्ती से रोक लगाने, रात्रि में रुकने वाली ट्रेनों की 100 प्रतिशत जांच सुनिश्चित करने तथा स्टेशनों पर खड़े लावारिस वाहनों की नियमित जांच के निर्देश भी दिए गए।बैठक में महिला सुरक्षा, चोरी और मानव तस्करी जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए रेल मदद' ऐप और आरपीएफ के सूचना नेटवर्क की सराहना की गई। इसके अलावा सक्ती के जेठा स्टेशन अंडरब्रिज की तकनीकी जांच, पेंड्रा, खरसिया और सक्ती में फ्लाईओवर प्रस्तावों तथा बाराद्वार रेलवे फाटक पर भीड़ नियंत्रण के उपायों पर भी चर्चा हुई।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने रेलवे वाईफाई के दुरुपयोग और साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष साइबर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को रेलवे सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और संयुक्त अभियान चलाकर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के निर्देश दिए।










