

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। दिन में तेज धूप और लू जैसे हालात बने हुए हैं, जबकि शाम के समय उमसभरी गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। इसी बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार तेज हो गई है और देश के कई राज्यों में इसकी दस्तक के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, रविवार तक दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा अरब सागर से हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राद्री कोठागुडेम, कलिंगपट्टनम, पारादीप, बारिपदा, पुरुलिया, धनबाद और मुजफ्फरपुर तक पहुंच चुकी है।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इस दौरान महाराष्ट्र के कई हिस्सों, कर्नाटक के शेष क्षेत्रों, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार तथा दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है।मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ इन राज्यों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग लगातार मानसून की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी कर रहा है।इस बीच, सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और शाम तक फिर से बारिश होने की संभावना है।
वहीं, राजस्थान के कई जिलों में भी रविवार को बारिश दर्ज की गई। पूर्वी राजस्थान के कई क्षेत्रों में मध्यम बारिश हुई, जबकि पश्चिमी हिस्सों में हल्की बारिश का दौर जारी रहा। विभाग के अनुसार, जयपुर जिले के चौमूं में सर्वाधिक 44 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ में 23 मिलीमीटर और भीलवाड़ा में 5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले चार से पांच दिनों तक बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभागों में बारिश की संभावना जताई हैहालांकि, बारिश के बावजूद राजस्थान में गर्मी का असर पूरी तरह कम नहीं हुआ है। फलौदी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में 41.2 डिग्री, बाड़मेर में 41.1 डिग्री और चूरू में 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।





















