

नई दिल्ली। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर इजाफा हुआ है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। पिछले 10 दिनों के भीतर यह तीसरी बार है जब ईंधन की कीमतें बढ़ाई गई हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने लगा है।
राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपए प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि 19 मई को भी कीमतों में 87 पैसे और 91 पैसे की बढ़ोतरी हुई थी। लगातार बढ़ोतरी के चलते बीते 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल करीब 5 रुपए प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं।
ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील की थी। इसके बाद कई राज्यों में मुख्यमंत्री, मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने काफिलों को छोटा कर ईंधन बचत का संदेश दिया। प्रधानमंत्री के काफिले में भी वाहनों की संख्या कम की गई थी।
इधर, कई राज्यों से पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ने और कुछ जगहों पर ईंधन खत्म होने की खबरें भी सामने आई थीं। हालांकि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया था कि देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई थी।
विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर पड़ रहा है, जिससे कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है। हालांकि खबरें हैं कि भारत ने मई महीने में सस्ते कच्चे तेल की खरीद बढ़ाई है। माना जा रहा है कि यदि यह सिलसिला जारी रहता है तो आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर दबाव कम हो सकता है और राहत मिलने की संभावना बन सकती है।





















