

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने ऑटो चालक से लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जो अंबिकापुर में किराये पर रह रहे थे।
मामला थाना गांधीनगर क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र निवासी धमेन्द्र यादव 12 मई की रात शादी समारोह से ऑटो लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम घंधरी गेरवानी नाला के पास 6 पल्सर बाइक में सवार 10 से 12 युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनका मोबाइल लूटकर फरार हो गए।पीड़ित की शिकायत पर गांधीनगर थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल और थाना गांधीनगर की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही प्रतापपुर-अंबिकापुर मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान वैभव मिश्रा और लवकुश कुमार के रूप में हुई।पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश खलखो, निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, साइबर सेल टीम सहित कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।



















