

जशपुर: जशपुर पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 क्विंटल 7 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पिकअप वाहन में आम की ट्रे के नीचे गांजा छिपाकर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था। जब्त गांजा और वाहन सहित कुल 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
मामला थाना कांसाबेल अंतर्गत चौकी दोकड़ा क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक UP-70-RT-6633 में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर ग्राम देवरी के पास नाकाबंदी की गई।पुलिस को देखकर आरोपी वाहन चालक ने भागने की कोशिश की। कांसाबेल और दोकड़ा पुलिस की संयुक्त घेराबंदी के बाद बहाल जोर मुख्य मार्ग पर संदिग्ध पिकअप को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर ट्रॉली में रखी प्लास्टिक ट्रे में कच्चे आम के नीचे खाकी टेप से पैक 207 पैकेट गांजा बरामद हुआ।पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रेमनाथ सिंह (36 वर्ष), निवासी ग्राम विमड़ा थाना बगीचा जिला जशपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा उड़ीसा के सुंदरगढ़ से लेकर अंबिकापुर पहुंचाने जा रहा था, जहां से इसे आगे उत्तर प्रदेश भेजा जाना था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 207 किलो गांजा, तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, एक मोबाइल फोन और 550 रुपये नकद जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ चौकी दोकड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।कार्रवाई में चौकी प्रभारी अशोक यादव, प्रधान आरक्षक इग्नाशियूस एक्का, आरक्षक राकेश एक्का, जयप्रताप एक्का, रमेश मिंज और राजकुमार मनहर की अहम भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक जिले में 3 करोड़ 24 लाख रुपये से अधिक के नशीले पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल वाहनों की जब्ती की जा चुकी है।





















