

रायपुर। राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज IPL का रोमांच देखने को मिलेगा, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष पार्किंग और यातायात व्यवस्था लागू की है।
शहर से स्टेडियम पहुंचने का मुख्य मार्ग
रायपुर शहर से स्टेडियम जाने के लिए दर्शकों को तेलीबांधा थाना तिराहा, नेशनल हाईवे-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नया रायपुर मार्ग का उपयोग करना होगा। यहां से स्टेडियम तिराहा होते हुए साईं अस्पताल रोड के जरिए दर्शक परसदा कोसा पार्किंग पहुंचेंगे और वहां से पैदल स्टेडियम में प्रवेश करेंगे।
परसदा और कोसा पार्किंग फुल होने की स्थिति में श्री सत्य साईं अस्पताल पार्किंग और सेंध तालाब पार्किंग का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
बिलासपुर और आसपास से आने वाले दर्शकों के लिए रूट
बिलासपुर से आने वाले दर्शक बिलासपुर-रायपुर मार्ग, धनेली नाला, रिंग रोड नंबर 3, विधानसभा चौक और मंदिर हसौद होते हुए नया रायपुर पहुंचेंगे। यहां से नवागांव स्टेडियम टर्निंग के रास्ते परसदा और कोसा पार्किंग में वाहन पार्क किया जा सकेगा।
बलौदाबाजार और खरोरा से आने वालों के लिए व्यवस्था
इस मार्ग से आने वाले दर्शक विधानसभा ओवरब्रिज चौक, रिंग रोड नंबर 3, नेशनल हाईवे 53 और मंदिर हसौद होते हुए स्टेडियम पहुंचेंगे। पार्किंग के लिए परसदा और कोसा पार्किंग निर्धारित की गई है।
धमतरी और जगदलपुर रूट से आने वाले दर्शक
अभनपुर, केंद्री, उपरवारा और सेंध तालाब के रास्ते स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शक परसदा और कोसा पार्किंग में वाहन पार्क करेंगे। जरूरत पड़ने पर साईं अस्पताल और सेंध तालाब पार्किंग का उपयोग किया जाएगा।
दुर्ग और भिलाई से आने वालों के लिए रूट
टाटीबंध, रिंग रोड 1, पचपेढ़ी नाका, तेलीबांधा थाना और सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होते हुए दर्शक नया रायपुर पहुंचेंगे और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करेंगे।
महासमुंद और सरायपाली रूट
इस मार्ग से आने वाले दर्शक आरंग होते हुए सीधे स्टेडियम टर्निंग तक पहुंचेंगे और परसदा व कोसा पार्किंग में वाहन पार्क कर सकेंगे।
पासधारी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
जिन वाहनों को पार्किंग पास A, B, C, D, E, F और G जारी किया गया है, वे सेरीखेड़ी ओवरब्रिज, नया रायपुर प्रवेश मार्ग और निर्धारित सेक्टर रूट से होते हुए सीधे पार्किंग क्षेत्र तक पहुंच सकेंगे।
भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
मैच के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गों पर मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
दर्शकों से ट्रैफिक पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि मैच के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था और जाम की स्थिति से बचा जा सके।





















