

बलरामपुर: जिले के बरियों चौकी क्षेत्र में नहर निर्माण और शासकीय सब्सिडी दिलाने के नाम पर एक किसान से 5 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में फतेहपुर से आरोपियों को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बादा निवासी 62 वर्षीय प्रेम साय ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 अप्रैल 2026 को पल्सर मोटरसाइकिल से आए दो लोगों ने खेत मरम्मत और नहर निर्माण के लिए शासकीय योजना में सब्सिडी दिलाने का झांसा दिया। आरोपियों ने खेत का निरीक्षण किया और अगले दिन जेसीबी मशीन लगाकर नहर निर्माण कार्य शुरू कर दिया।इस दौरान आरोपियों ने खुद को मैनेजर और मुंशी बताकर भरोसा जीत लिया। बाद में “टेंडर पास कराने” के नाम पर 5 लाख 50 हजार रुपये जमा करने की बात कही और काम पूरा होने पर 5 लाख रुपये की छूट मिलने का लालच दिया। प्रार्थी को अंबिकापुर स्थित बैंक ले जाकर चेक के माध्यम से रकम निकलवाई गई और आरोपी पैसे लेकर फरार हो गए।जब पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की तो मोबाइल बंद मिला और खेत से जेसीबी मशीन भी गायब थी। इसके बाद पीड़ित ने चौकी बरियों में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में अपराध क्रमांक 113/2026 के तहत धारा 318(2), 318(4), 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। पुलिस टीम ने उत्तरप्रदेश के बाराबंकी जिले में दबिश देकर आरोपी अंजूर खान, अमीन खान और मंजूर खान को गिरफ्तार किया। साथ ही एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों आरोपियों को 11 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।





















