बलरामपुर: बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के थाना राजपुर पुलिस ने अवैध पशु तस्करी एवं पशु क्रूरता के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस प्रकरण में पहले ही तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। अब कुल पांच आरोपियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना राजपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 81/26 के तहत 2004 कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया था।घटना 11 अप्रैल 2026 की है, जब थाना राजपुर पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक JH01GN-8143 में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक बांधकर अंबिकापुर से राजपुर होते हुए गुमला (झारखंड) ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने थाना के सामने अंबिकापुर रोड पर घेराबंदी कर वाहन को रोका।जांच के दौरान वाहन चालक और मालिक द्वारा पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर मामले का खुलासा हुआ। वाहन स्वामी ने अपना नाम संदीप बड़ाईक निवासी गुमला तथा चालक ने संदीप साहू निवासी गुमला बताया। पूछताछ में सामने आया कि ग्राम जयनगर निवासी गुड्डू पंडित द्वारा 2 गाय और 2 बछिया को गुमला निवासी अनुज राम तक पहुंचाने के लिए वाहन में लोड कराया गया था।पुलिस ने पाया कि मवेशियों को वाहन में अत्यंत अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर बांधा गया था। इसके बाद वाहन सहित मवेशियों को जप्त कर आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका था, जबकि आरोपी देवेश कुमार मिश्रा उर्फ गुड्डू पंडित और मोहम्मद सलमान घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना राजपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को 11 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेश कुमार मिश्रा उर्फ गुड्डू पंडित (26 वर्ष) निवासी शिवनंदनपुर थाना जयनगर जिला सूरजपुर तथा मोहम्मद सलमान (24 वर्ष) निवासी जयनगर थाना जयनगर जिला सूरजपुर के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।

बलरामपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पशु तस्करी, अवैध परिवहन या अन्य किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!